जिला कलेक्टर ने मौके पर ही करवाई बुजुर्ग की पेंशन चालू
कोटपूतली-बहरोड़, (भारत कुमार शर्मा) राज्य सरकार और जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संकल्पबद्ध एवं निरन्तर प्रयासरत हैं. सेवा शिविरों के माध्यम से जहां नियमित रूप से समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है वहीं मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुजुर्ग बंशी राम (72) निवासी डूंगरिया, नारायणपुर ने जिला कलक्टर के समक्ष वृद्धावस्था पेंशन शुरू करने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
लाभार्थी बंशी राम की वृद्धावस्था पेंशन एक साल से राज्य से बाहर होने कारण बंद हो गई थी, जिससे उनका भुगतान भी एक साल से बंद था। प्रार्थी एवं उनकी पत्नी ने बताया कि वे मूल स्थान से अन्यत्र कार्य हेतु प्रस्थान कर गये थे। इस पर जिला कलक्टर ने तत्काल कार्यवाही करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला अधिकारी विपिन को बुजुर्ग की पेंशन संबंधी समस्या का तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिये।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने निदेशालय स्तर से सम्पर्क कर बुजुर्ग की पेंशन शुरू करवाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करवाई एवं मौके पर ही विभाग के कार्मिक सुरेन्द्र दौराता, शुभम एवं मनीष ने मोबाइल एप से पेंशनर का वार्षिक सत्यापन करते हुए बुजुर्ग की समस्या का मौके पर ही समाधान किया. बुजुर्ग दम्पती ने इस पर सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार जताया।


