सुनकई में प्रभात फेरी: बच्चों ने जाना शिक्षा का महत्व, गांव की समस्याओं से कराया प्रशासन को अवगत
सरमथुरा (धौलपुर/ नाहरसिंह) राजस्थान सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में संचालित जन-जागरूकता कार्यक्रमों के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुनकई के विद्यालय स्टाफ द्वारा प्रभात फेरी रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को गांव का भ्रमण कराते हुए सामाजिक जागरूकता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोमनाथ निवृत्ति द्वारा स्थापित सामुदायिक लाइब्रेरी सुनकई का भी अवलोकन कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक महेंद्र सिंह मीना ने बच्चों को लाइब्रेरी की विशेषताओं से अवगत कराते हुए शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन और अनुशासन पर प्रकाश डाला। साथ ही स्मार्ट टीवी के माध्यम से वीडियो प्रस्तुति दिखाकर विद्यार्थियों को धौलपुर के राजा मचकुंड एवं जिले के ऐतिहासिक गौरव से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक अशोक मीना, जीतू मीना, राजेश गॉड, आरामी लाल सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
गांव भ्रमण के बाद बच्चों से संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने गांव की जमीनी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने बताया कि गांव के सार्वजनिक स्थलों और रास्तों में अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जगह-जगह जमा कीचड़ व गंदगी के कारण उन्हें प्रतिदिन स्कूल और लाइब्रेरी आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं गांव के जागरूक युवाओं ने बताया कि इस संबंध में वे कई बार स्थानीय प्रशासन को अवगत करा चुके हैं तथा राजस्थान सरकार के सीपी-ग्राम और राज संपर्क पोर्टल पर भी दर्जनों शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन ग्राम पंचायत वटीकरा और पंचायत समिति सरमथुरा के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके पर कार्यवाही करने के बजाय मनगढ़ंत जवाब और झूठी रिपोर्ट भेजकर उच्च अधिकारियों को भ्रमित किया जा रहा है।
ग्रामीण युवाओं ने यह भी बताया कि 19 दिसंबर को प्रदेश के मुखिया के धौलपुर आगमन के मद्देनज़र गांव के युवाओं द्वारा एक तथ्यात्मक ज्ञापन तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने जिला प्रशासन से मांग की कि गांव सुनकई के रास्तों में जमा गंदगी की शीघ्र सफाई कराई जाए तथा सीसी सड़कों, नालियों और समुचित प्रकाश व्यवस्था का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में राहत मिल सके।
प्रभात फेरी और लाइब्रेरी भ्रमण के माध्यम से जहां एक ओर सरकारी योजनाओं का संदेश गांव तक पहुंचा, वहीं दूसरी ओर बच्चों और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उठाकर प्रशासन का ध्यान जमीनी हकीकत की ओर आकृष्ट किया


