विकास रथ पहुंच रहे है ढांणी-ढांणी, राज्य सरकार के विकास कार्यों व योजनाओं की दे रहें जानकारी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में “बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस क्रम में विकास रथ गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी पहुंचकर राज्य सरकार के दो वर्षीय कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचा रहा है।
बुधवार को विकास रथ ग्राम पंचायत ऊँदरा एवं इकरन पहुंचा। इकरन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली ने कहा कि अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है और विश्व पटल पर सशक्त शक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व सांसद ने किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से मिल रही आर्थिक सहायता, फसल सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्धता तथा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना के लिए प्रोत्साहन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना (ईआरसीपी) को प्रदेश के लिए वरदान बताते हुए कहा कि इससे सिंचाई, उद्योग एवं पेयजल आपूर्ति मजबूत होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की युवा रोजगार प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि विकास रथ के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बताया कि रथों में लगाई गई एलईडी से ऑडियो-वीडियो माध्यम से लघु फिल्मों के द्वारा विकास कार्यों व योजनाओं का ढांणी-ढांणी प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधानसभावार विकास कार्यों एवं उपलब्धियों से संबंधित प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही, विकास रथ में रखी सुझाव पेटिका के जरिए ग्रामीणों से सुझाव लिए जा रहे हैं, जिन्हें राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर को-ऑपरेटिव अध्यक्ष सूरज सिंह, इकरन सरपंच नेमसिंह, ऊँदरा सरपंच लक्ष्मी देवी, अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमचंद श्यामनानी, सहायक कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह, डॉ. रूपसिंह, केशव सिंह, मुकेश, ग्राम विकास अधिकारी अरविन्द, ऊँदरा पटवारी जितेन्द्र, कनिष्ठ लिपिक मीना एवं अनीता, कृषि पर्यवेक्षक मनोज, हेमंत शर्मा, राजकुमार, राजवीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

