चार गांवों में ट्रांसफार्मर चोरी: कॉपर और ऑयल निकाल ले गए चोर, जेईएन ने दर्ज कराई रिपोर्ट
रामगढ़ क्षेत्र में सर्दी के मौसम के साथ ही ट्रांसफार्मरों में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शातिर चोर ट्रांसफार्मरों से कॉपर और ऑयल चोरी कर विद्युत विभाग को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
रामगढ़ विद्युत विभाग की कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) लक्ष्मी मीणा ने मंगलवार दोपहर बाद रामगढ़ थाने में ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाओं को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 4 जनवरी को नगर पालिका क्षेत्र के खेड़ी गांव में दो ट्रांसफार्मरों से चोरी की गई। वहीं दिसंबर माह में मिलकपुर गांव में भी ट्रांसफॉर्मर से कॉपर व ऑयल चोरी हुआ था।
इसके अलावा 4 जनवरी को चौमा गांव में ट्रांसफॉर्मर से कॉपर और ऑयल चोरी की घटना सामने आई, जबकि ललावंडी गांव में चोरों ने पूरा ट्रांसफॉर्मर ही चोरी कर लिया। थ्री फेस के ट्रांसफॉर्मर थे और दो सिंगल फेस के है। इन सभी पांच घटनाओं की रिपोर्ट एक साथ रामगढ़ थाने में दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इन चोरी की घटनाओं में विद्युत विभाग को करीब चार से पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सरकार और विभाग को भारी आर्थिक चूना लग रहा है।