पुश्तैनी मकान के विवाद में खूनी संघर्ष: सरकारी कर्मचारी ने परिवार के साथ मिलकर बड़े भाई और भाभी पर लोहे के पाइप से किया जानलेवा हमला
लक्ष्मणगढ़ (अलवर)। पुश्तैनी संपत्ति के विवाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कस्बे के मेंव बोर्डिंग के पास एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई और भाभी पर लोहे के पाइप और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी छोटा भाई पंचायत समिति में असिस्टेंट प्रोग्रामर के पद पर तैनात है और उस पर अपने पद का धौंस दिखाने का आरोप है।
- तीन दिन से कर रहा था प्रताड़ित, शुक्रवार को बढ़ा विवाद
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित गोविंद शर्मा ने बताया कि उनका छोटा भाई रामानंद शर्मा पिछले तीन दिनों से उनके परिवार को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। शुक्रवार को यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपी रामानंद ने अपनी पत्नी उर्मिला और दो बच्चों के साथ मिलकर गोविंद शर्मा और उनकी पत्नी मधु शर्मा पर अचानक हमला बोल दिया।
गोविंद शर्मा (पीड़ित बड़े भाई) ने बताया कि- "छोटा भाई सरकारी पद पर होने का रौब दिखाता है। उसका अलवर में खुद का मकान है, लेकिन नीयत खराब होने के कारण वह लक्ष्मणगढ़ स्थित हमारे पुश्तैनी मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता है।"
- लोहे के पाइप से सिर पर किए वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना खतरनाक था कि आरोपी पक्ष ने लोहे के पाइप और भारी पत्थरों से सीधे पीड़ित दंपती के सिर को निशाना बनाया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


