पुलिस की अनूठी पहल: महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाया विशेष जागरूकता अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर डाउनलोड करवाया 'राजकॉप सिटीजन ऐप'
बूंदी जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में बूंदी पुलिस द्वारा महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा व सहायता के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सायंकालीन गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों और विशेष 'कालिका टीम' ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और पार्कों में जाकर महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद किया तथा उन्हें सुरक्षात्मक उपायों एवं 'राजकॉप सिटीजन ऐप' (RajCop Citizen App) के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से नागरिक घर बैठे कई पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसमें आपातकालीन सहायता, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करना, शिकायत की स्थिति जानना, महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाएं और पुलिस थानों व अधिकारियों की जानकारी जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं। जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य अपराध होने पर इस ऐप के जरिए तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस के अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी यह ऐप डाउनलोड करने और नियमित रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस मदद मिल सके। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ऐप के फीचर्स की जानकारी ली और पुलिस के महिला सुरक्षा प्रयासों की सराहना की। जिला पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जा रहे हैं।


