केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा— खैरथल के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

Jul 17, 2026 - 19:56
 0
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा— खैरथल के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

खैरथल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का लोकार्पण, यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात

खैरथल  (हीरालाल भूरानी) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित खैरथल रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। स्टेशन के आधुनिकीकरण से खैरथल, किशनगढ़बास, तिजारा एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख अनाज एवं सब्जी मंडी से जुड़े व्यापारियों एवं किसानों के आवागमन को भी नई गति मिलेगी। इस दौरान केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव एवं उपस्थित अतिथि गणों ने खैरथल स्टेशन के विभिन्न विकास कार्यों की उद्घाटन पट्टीका का अनावरण किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार खैरथल के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद रहते हुए उनके प्रयासों से खैरथल रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-अहमदाबाद मेल का ठहराव प्रारंभ हुआ था तथा पिछले दो वर्षों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से गरीब रथ एक्सप्रेस, मालानी एक्सप्रेस, मंडोर एक्सप्रेस एवं स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस सहित चार महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित कराया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी अन्य आवश्यक ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन पर आकर्षक पोर्च, दो नए प्रवेश द्वार, विस्तारित पार्किंग, नया फुट ओवर ब्रिज, रैंप, प्लेटफॉर्मों का नवीनीकरण, आधुनिक प्रतीक्षालय, हेल्प डेस्क, वाटर बूथ, बेहतर टिकट विंडो तथा स्थानीय कला से सुसज्जित स्टेशन भवन सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले राजगढ़ रेलवे स्टेशन का भी लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कराया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जल संरक्षण एवं पेयजल परियोजनाओं पर विशेष कार्य किया जा रहा है। बेड़ा का बास, रैईयन एवं छीन-छीन सहित विभिन्न जल योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क, खैरथल बाईपास के शीघ्र निर्माण तथा भिवाड़ी विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक माह एक बुधवार को खैरथल एवं मुंडावर क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं।
पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि खैरथल रेलवे स्टेशन क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों की सुविधा के साथ व्यापार एवं क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने भविष्य में खैरथल में मेडिकल कॉलेज एवं स्टेडियम जैसी विकास परियोजनाओं को भी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत स्टेशन भवन को स्थानीय कला एवं आधुनिक वास्तुकला के समन्वय से नया स्वरूप दिया गया है। स्टेशन परिसर का सर्कुलेटिंग एरिया लगभग 1200 वर्गमीटर से बढ़ाकर 3600 वर्गमीटर किया गया है। दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, साइनेज, पेयजल सुविधाएं तथा लगभग 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज विकसित किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, विशेष शौचालय, रैंप, सुलभ टिकट विंडो एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित सूर्यदेव बारेठ एवं ऊषा चौमर, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, पूर्व सभापति अशोक डाटा, सुभाष चंद्र, इंद्र यादव, अंजली यादव, अनूप यादव, रामबाबू, मनीष शर्मा, मनोज मित्तल, यशपाल शर्मा, अनिल मांधू, ओमप्रकाश मांधू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क ll बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................ मौजूदा समय में डिजिटल मीडिया की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। आलम तो यह है कि हर कोई डिजिटल मीडिया से जुड़ा रहना चाहता है। लोग देश में हो या फिर विदेश में डिजिटल मीडिया के सहारे लोगों को बेहद कम वक्त में ताजा सूचनायें भी प्राप्त हो जाती है ★ G Express News के लिखने का जज्बा कोई तोड़ नहीं सकता ★ क्योंकि यहां ना जेक चलता ना ही चेक और खबर रुकवाने के लिए ना रिश्तेदार फोन कर सकते औऱ ना ही ओर.... ईमानदार ना रुका ना झुका..... क्योंकि सच आज भी जिंदा है और ईमानदार अधिकारी आज भी हमारे भारत देश में कार्य कर रहे हैं जिनकी वजह से हमारे भारतीय नागरिक सुरक्षित है