वैर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आयोजित: खेल और गतिविधियों के जरिए मजबूत होगी बच्चों के भविष्य की नींव
वैर (भरतपुर) 01 सितंबर, कौशलेन्द्र दत्तात्रेय
जिले में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को अधिक गुणवत्तापूर्ण और बाल-केंद्रित बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार को क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वैर ब्लॉक के धरसोनी एवं वैर सेक्टर-एक में आयोजित इस प्रथम चरण के प्रशिक्षण में 50 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
गतिविधियों के जरिए समझा 'मजबूत नींव' का महत्व
सीडीपीओ शैलेश सिंह एवं सुपरवाइजर कश्मीरा व लीलावती देवी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कार्यकर्ताओं को खेल-खेल में शिक्षण, बाल मनोविज्ञान, भाषा व संज्ञानात्मक विकास की प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कागज के गिलासों से टावर बनाने की समूह गतिविधि कराई गई। इसके माध्यम से समझाया गया कि जिस तरह टावर की मजबूती उसकी नींव पर टिकी होती है, उसी तरह बच्चे के शुरुआती वर्ष उसके सर्वांगीण विकास की आधारशिला होते हैं।
अनुभव आधारित शिक्षा पर जोर
जिला समन्वयक प्राची चौधरी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को केवल पुस्तकीय ज्ञान देने के बजाय 'अनुभव आधारित शिक्षण' कराने का अभ्यास कराया गया। विभिन्न खाद्य पदार्थों और वास्तविक सामग्रियों के माध्यम से समझाया गया कि बच्चों को देखने, छूने, महसूस करने और स्वयं करके सीखने का वातावरण मिलना चाहिए। इससे बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और भाषा कौशल का तेजी से विकास होता है।
सामूहिक भागीदारी रही सराहनीय
प्रशिक्षण में आशा कुमारी, सुमन, चंचल शर्मा, तारामती, प्रेम कुमारी, लता शर्मा, ज्योति, ममता कुमारी, गुड्डी, शीला, रामेश्वरी, विनीता, सुनीता रानी और रेखा सहित अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गतिविधियों के माध्यम से नई तकनीकों को सीखा।

