रामगढ़ में पहली बार नवरात्र पर ऐतिहासिक गरबा महोत्सव: पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया नृत्य से बांधा समां
रामगढ़ (अलवर) अमित भारद्वाज
अलवर के रामगढ़ कस्बे में इस बार शारदीय नवरात्र का पर्व बेहद खास और ऐतिहासिक रहा। कस्बे में पहली बार बड़े पैमाने पर गरबा डांसिंग महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण यादव समाज मंदिर परिसर में जीया लाइब्रेरी एवं जिम सेंटर के संचालक रवीन्द्र यादव के संयोजन में आयोजित 'जीया फिटनेस गरबा डांसिंग' कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने भारी उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और आकर्षक आभूषणों में सजी महिलाओं ने पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर पूरे कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
गरिमाई उपस्थिति और अतिथियों का स्वागत
इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में रामगढ़ नगरपालिका चेयरमैन प्रेम सिंह, रामगढ़ थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा, और पार्षद अविनाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पंडित शिव शंकर शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के आयोजक रवीन्द्र यादव ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर और साफा बंधाकर स्वागत किया। नवरात्र के पावन और धार्मिक माहौल के बीच गरबा व डांडिया की थाप ने उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों और दर्शकों का मन मोह लिया।
भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गरबा गीतों की धुनों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं और ताल से ताल मिलाकर नृत्य किया। पूरे पंडाल में उत्सव और उल्लास का अद्भुत माहौल नजर आया।
आयोजक रवीन्द्र यादव ने बताया कि इस अनूठे आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवरात्र के पावन अवसर पर हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा महिलाओं को अपनी कला के प्रदर्शन के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूती मिलती है।

