भरतपुर मे हॉस्पिटल के डस्टबिन में मिला नवजात का भ्रूण, सफाई के दौरान काली पॉलीथिन में मिलने से फैली सनसनी
अरोड़ा हॉस्पिटल के डस्टबिन में मिला नवजात का भ्रूण, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही मथुरा गेट थाना पुलिस
भरतपुर / राजस्थान
भरतपुर शहर के अरोड़ा हॉस्पिटल में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल में सफाई के दौरान एक डस्टबिन के अंदर नवजात का भ्रूण मिला। सफाई कर्मचारी ने जब काली पॉलीथिन के अंदर भ्रूण को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
बाथरूम के पास रखे डस्टबिन में मिला भ्रूण
मथुरा गेट थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) मुकेश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि अरोड़ा हॉस्पिटल के डस्टबिन में एक भ्रूण पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना किया। अस्पताल के बाथरूम के पास रखे डस्टबिन में काली पॉलीथिन के अंदर भ्रूण रखा हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भ्रूण को अपने कब्जे में लिया और उसे आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
सीसीटीवी कैमरों से आरोपित की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर डस्टबिन में यह भ्रूण किसने और कब फेंका था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अस्पताल आने-जाने वालों की जानकारी जुटा रही है ताकि इस मामले में जल्द से जल्द सच्चाई सामने आ सके।

