मदन राठौड़ के विवादित बयान पर भड़का 'आप', जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का फूंका पुतला
जयपुर (गिर्राज सौलंकी)
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा पाकिस्तान के समर्थन में दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर राज्य की राजनीति गर्मा गई है। इस बयान के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप), राजस्थान ने जयपुर स्थित इमली फाटक पर अपने प्रदेश कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव (संगठन) विश्वेन्द्र सिंह ने सत्तारूढ़ दल और उसके नेतृत्व पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को अपने वक्तव्यों में मर्यादा, जिम्मेदारी और राष्ट्रीय हितों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
"राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता पर बयानबाजी बर्दाश्त नहीं"
विश्वेन्द्र सिंह ने कहा, "देश की सुरक्षा, राष्ट्रीय हित और संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय विषयों पर किसी भी राजनेता की टिप्पणी तथ्यों पर आधारित और पूरी जिम्मेदारी के साथ होनी चाहिए। पाकिस्तान जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बयान देकर मुकरने के बजाय संबंधित नेताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और देश की जनता के प्रति जवाबदेही तय करनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल या नेता के गैर-जिम्मेदाराना बयान पर सवाल उठाना और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराना जनता का संवैधानिक अधिकार है। आम आदमी पार्टी हमेशा जनहित, राष्ट्रीय अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जयपुर में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राजनीतिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन में आप के राज्य मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल, जयपुर जिलाध्यक्ष अमित दाधीच, जिला संगठन मंत्री संगीता गोड़, जिला उपाध्यक्ष कलीम अहमद, सुनील अग्रवाल, राशिद हसन, अनूप चतुर्वेदी, रणजीत यादव, गीतेश खन्ना, कृष्ण मुरारी और योगेंद्र चौहान समेत जयपुर जिले की पूरी कार्यकारिणी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।

