जयपुर में 2 करोड़ के हीरे-जवाहरात चोरी का पर्दाफाश: गुजरात की शातिर महिला चोर गिरफ्तार, सारा माल बरामद
ई-रिक्शा में ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से की थी रेकी, 200 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर दबोची गई आरोपी
• पन्ना, माणक और डायमंड से भरे 13 पैकेट चुराकर भाग रही थी महिला, पुलिस ने झुग्गी बस्ती से दबोचा
जयपुर / राजस्थान
राजधानी जयपुर के माणकचौक थाना पुलिस ने ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान दो करोड़ रुपए कीमत के हीरे-जवाहरात चोरी करने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी गुजरात निवासी महिला के कब्जे से चोरी किए गए सभी हीरे-जवाहरात सकुशल बरामद कर लिए हैं। महिला ने कर्मचारी की पहले रेकी की थी और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया था।
क्या था पूरा मामला?
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को एक ज्वेलरी कारोबारी ने माणकचौक थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि वे अलग-अलग व्यापारियों को ज्वेलरी के सैंपल दिखाने और माल खरीदने-बेचने का काम करते हैं। 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे उनका कर्मचारी ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की तरफ जा रहा था। उसके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें पन्ना, माणक और डायमंड (हीरे-जवाहरात) रखे हुए थे। रास्ते में शातिर चोर ने पैकेट पार कर लिए।
माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो पन्ने, 144.60 कैरेट के चार पन्ने और अन्य 11 पैकेटों में 942.52 कैरेट के पन्ने शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है।
200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और लगातार बदलते वाहनों से दिया चकमा
वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ई-रिक्शा में परिवादी के साथ यात्रा कर रही एक संदिग्ध महिला की पहचान की।
आरोपी महिला पुलिस की पकड़ से बचने के लिए मुख्य बाजार की गलियों से गुजरी और बार-बार ऑटो व ई-रिक्शा बदलकर ठिकाने बदलने की कोशिश कर रही थी। लेकिन पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसके छुपने के ठिकाने (झुग्गी बस्ती) पर दबिश दी और उसे धर दबोचा।
रेकी कर बनाती थी शिकार
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला बाजार में घूमकर व्यापारियों की रेकी करती थी। मौका मिलते ही वह उनके साथ वाहन में बैठकर कीमती सामान चुरा लेती थी और फिर वाहन बदलकर फरार हो जाती थी। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

