चिकसाना का बेर मुनाफे का सौदा: चिकसाना का बेर मतलब मिठास की गारंटी

भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) योगेश कुमार शर्मा संयुक्त निदेशक उद्यान भरतपुर खंड द्वारा हरेंद्र सिंह कृषि अधिकारी भरतपुर के साथ आज़ पंचायत समिति भुसावर तथा सेवर का दौरा किया गया। पंचायत समिति सेवर के गांव चिकसाना में प्रगतिशील और आत्मा योजनांतर्गत पुरुस्कृत किसान लाखन सिंह के बेर के बगीचे का भ्रमण किया गया।
लाखन सिंह एक प्रगतिशील किसान हैं और पूरा गांव उनको अपने मुखिया के रूप में मानता है। लाखन सिंह द्वारा 1994 में उद्यान विभाग भरतपुर के सौजन्य से बेर का बगीचा लगाया गया था और धीरे-धीरे अब पूरे गांव में लगभग 500 बीघा क्षेत्र में बेर के बगीचे लगे हुए हैं। लाखन सिंह द्वारा बताया गया कि बेर तोड़ने के बाद उनकी ग्रेडिंग की जाती है। ग्रेडिंग चार कैटगरी में की जाती है। वर्तमान में आगरा मंडी में पहले नंबर के फल 50 रुपए प्रति किलो, दूसरे नंबर के फल 30 रुपए प्रति किलो, तीसरे नंबर के फल 20 रुपए प्रति किलो तथा चौथे नंबर के फल
17 रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं। लाखन सिंह का कहना है कि एक बीघे से लगभग एक लाख रुपए की आमदनी आराम से हो जाती है तदनुसार एक हेक्टेयर से लगभग सात लाख के आस-पास आमदनी हो जाती है। इन्होंने बेर के साथ साथ अमरूद का बगीचा भी लगाना शुरू कर दिया है। लाखन सिंह घर की आवश्यकताओं के लिए परंपरागत फसलें उगाते हैं, बाकी उद्यानिकी फसलों की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। लाखन सिंह को आधुनिक तरीके से खेती करने पर आत्मा योजनांतर्गत जिला स्तरीय पुरुस्कार भी मिल चुका है।
लाखन सिंह की किसानों को सलाह है कि परंपरागत फसलों को छोड़कर बाग-बगीचों तथा सब्जियों जैसी उद्यानिकी फसलों को अपनाया जाए तो निश्चित रूप से आर्थिक तरक्की हो सकती है।
हरेंद्र सिंह कृषि अधिकारी ने भी किसानों से अपील की कि अगर किसान भाई परंपरागत फसलों को छोड़कर उद्यानिकी फसलों को अपनाते हैं तो निश्चित रूप से उनको अधिक लाभ मिलेगा और किसान भाई अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकेंगे। हरेंद्र सिंह ने विभिन्न उद्यानिकी योजनाओं जैसे सोलर पंप सेट, लो टनल, मल्चिंग, बूंद बूंद सिंचाई संयंत्र, ग्रीन हाउस, फलोद्यानों की स्थापना इत्यादि की भी जानकारी दी।






