ब्लैड तारों पर लगाम लगाने की मांग तेज़, गौ-प्रेमियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
श्रीगंगानगर(संजय बिश्नोई) श्रीगंगानगर जिले में ब्लैड वाली तारों के कारण आए दिन गौमाताओं के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसे लेकर अब जिलेभर में गौप्रेमियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इन्हीं घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाते हुए आज बजरंग सेना की गौ प्रकोष्ठ टीम ने बीकानेर संभाग अध्यक्ष भाई रमेश भार्गव मिक्कु के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार ऐसी सूचना मिल रही है कि गौमाता ब्लैड तारों की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो रही हैं। मौके पर पहुंचने वाले गौभक्त उनका इलाज करवाते हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हैं, लेकिन हर दिन बढ़ती घटनाएं प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही हैं।
इससे पूर्व रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में बजरंग सेना की टीम ने ब्लैड तार हटवाने के लिए अनिश्चितकालीन धरना दिया था, जिसके बाद संबंधित क्षेत्र से ब्लैड तार हटाई गई। अब यही मांग पूरे जिले में लागू करने के लिए की जा रही है। गौ प्रकोष्ठ की टीम ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर जिलेभर से ब्लैड तारें नहीं हटाई गईं, तो बजरंग सेना बड़ा आंदोलन और चक्काजाम करेगी।
मुख्य मांगे –
- पूरे जिले में ब्लैड तार लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
- पहले से लगी ब्लैड तारों को तुरंत हटाया जाए।
- जिम्मेदार व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- घायल गौमाताओं के इलाज के लिए प्रशासन अलग से व्यवस्था करें।
इस अवसर पर बजरंग सेना के कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। गौमाताओं की सुरक्षा को लेकर हो रहे इस आंदोलन ने प्रशासन के सामने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब लापरवाही नहीं चलेगी।