राजस्थान में थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले पर शिक्षा मंत्री का बयान
बूंदी (कमलेश जैन) शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बूंदी पहुंचे।भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मदन दिलावर ने कहा कि सरकार ने बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा है। और यह पूरी तरह विकासोन्मुखी तथा राहत देने वाला बजट है।शिक्षा विभाग को इस बार महत्वपूर्ण बजट राशि आवंटित की गई है। इससे नए स्कूल भवनों का निर्माण, पुराने भवनों की मरम्मत, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है। और ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले पर बड़ा बयान दिया है।
शिक्षकों के तबादले पर बोले मदन दिलावर?
थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादलों को लेकर मंत्री दिलावर ने स्पष्ट किया कि सामान्यतः इनके तबादले नहीं होते और नियुक्ति जिस जिले में होती है, वहीं पदस्थापन रहता है। उन्होंने कहा कि नियमों से बाहर हुआ कोई भी ट्रांसफर मान्य नहीं होगा और ऐसे मामलों में सीनियरिटी रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सरकार ने करीब 2200 थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले कर दिए थे, लेकिन नियमों की जानकारी होने पर उन तबादलों को रोका गया और संबंधित शिक्षकों की सीनियरिटी भी समाप्त कर दी गई। इससे अब मनमानी पर रोक लगेगी और प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
छात्रा पर कुत्तों के हमले पर प्रतिक्रिया
तीन दिन पहले जिले के मॉडल स्कूल में छात्रा पर कुत्तों के हमले के मामले में मंत्री ने कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच करवाई जा रही है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाएगी। आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए विशेषज्ञों की राय ली जा रही है। और जल्द नई योजना लागू की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई योजनाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं।
जल जीवन मिशन और मिड डे मील से जुड़े मामलों में जांच चल रही है।कुछ मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आने वाले दिनों में कई बड़े अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कई बड़े मगरमच्छों पर गाज गिरेगी।
जरूरत मंदों के लिए सस्ते भोजन की योजना
मदन दिलावर ने बताया कि बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में मकान बनाने की घोषणा की गई है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा, जिसका ब्याज सरकार वहन करेगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बूंदी जिले में नाली, सड़क और अन्य विकास कार्यों के लिए लगभग 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही जरूरतमंदों के लिए सस्ते भोजन की योजना भी शुरू की जाएगी।