न्यूड वीडियो कॉल कर लाखों हड़पे: सीबीआई अफसर बनकर दी धमकी, अलवर से दो आरोपी अरेस्ट
कैथल में न्यूड वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल करके लाखों रुपए ऐंठने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वॉट्सऐप कॉल करके पहले लड़की दिखाई और बाद में उस पर कपड़े उतारने का दबाव बनाने लगे। फिर बाद में स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताकर रुपए ठग लिए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महावीर कॉलोनी, अलवर, राजस्थान निवासी सौरभ तथा गांव सेदमपुर जिला अलवर राजस्थान निवासी शिवम के रूप में हुई है।
फेसबुक पर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट
सेक्टर-18 निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के अनुसार, 6 जुलाई की रात उसके फेसबुक एकाउंट पर पिंकी शर्मा नाम की लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उन्हें लगा कि कोई जानकार है, इसलिए उन्होंने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। थोड़ी देर बाद वही लड़की मैसेंजर पर चैट करने लगी और उससे उनका वॉट्सऐप नंबर मांग लिया। नंबर भेजने के कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आई।
कॉल रिसीव करने पर स्क्रीन पर एक न्यूड लड़की दिखाई दी, जो उसे भी कपड़े उतारने का दबाव बनाने लगी। उसने कॉल तुरंत काट दी और डर के कारण चैट व नंबर डिलीट कर दिया। अगले दिन उनके फोन पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे संदेश आने लगे कि उनकी अश्लील वीडियो वायरल होने वाली है।
खुद को सीबीआई अधिकारी बताया
सबसे पहले खुद को यूट्यूब अधिकारी संजय सिंह बताते हुए एक व्यक्ति ने मैसेज भेजकर कहा कि आपकी वीडियो यूट्यूब पर अपलोड हो चुकी है, उसे रोकने के लिए पैसे देने होंगे। कुछ ही समय बाद एक और कॉल आई। इस बार कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर बोला कि उसने वीडियो वायरल रोकने के लिए फाइल संभाल ली है, लेकिन इसे क्लियर करने के लिए 51 हजार रुपए जमा करवाने होंगे।
दोनों उसे लगातार दबाव में लेते रहे और उसने डर के कारण कई बार में 1.26 लाख रुपए उनके बताए स्कैनर पर भेज दिए। जब रकम की मांग लगातार बढ़ने लगी और ठगों ने 1 लाख रुपए और मांगे, तब उसको एहसास हुआ कि उनके साथ बड़ा साइबर फ्रॉड हुआ है।
इस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। मामले में पुलिस द्वारा आरोपी महावीर कॉलोनी अलवर राजस्थान निवासी सौरभ तथा गांव सेदमपुर जिला अलवर राजस्थान निवासी शिवम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सौरभ को कोर्ट के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी शिवम का 2 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।