सादड़ी बना चोरों का गढ़, बेखौफ वारदातों से व्यापारी-ग्रामीणों में रोष
सादड़ी (बरकत खान) सादड़ी कस्बे में इन दिनों चोरी की बढ़ती घटनाओं ने आमजन, व्यापारियों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन के ढीले रवैये के चलते चोर बेखौफ होकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि सादड़ी क्षेत्र चोरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई और प्रभावी गश्त नहीं होने से चोरी की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।
बुधवार रात को चोरों ने सादड़ी क्षेत्र में दो मकानों के साथ एक मोटरसाइकिल को निशाना बनाया। वहीं समीपवर्ती जुणा गांव के भेरुजी मंदिर में चोरी करते हुए करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात और पीतल की घंटियां चुरा ले गए। इससे एक दिन पहले मंगलवार रात को अखरिया चौक में एक हाथ लोरी (ठेला) से करीब 60 से 70 हजार रुपए का सामान और नकदी चोरी कर ली गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
- प्रमुख चौराहों पर नहीं रहती रात्रि निगरानी
कस्बे के प्रमुख चौराहों—आखरिया चौक, बस स्टैंड, राणकपुर चौकी और बारली सादड़ी मार्ग—पर रात्रि के समय नियमित पुलिस निगरानी नहीं रहती है। ये सभी स्थान अपराधियों के आवागमन के मुख्य मार्ग माने जाते हैं। निगरानी के अभाव में चोर वारदात के बाद आसानी से फरार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस द्वारा नियमित गश्त और निगरानी की जाए तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
- व्यापार महासंघ और ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापार महासंघ सादड़ी में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो सादड़ी बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं जुणा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो 1 मार्च 2026 को जुणा गांव के लोग थाने का घेराव करेंगे।
- एक वर्ष में जुणा गांव में तीन बड़ी चोरियां
- ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक वर्ष में जुणा गांव में तीन बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं—
- कीका राम चौधरी के मकान से करीब 35-40 लाख रुपए की चोरी
- ठाकुरजी के मंदिर से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात चोरी
- श्रवण दास की दुकान से नकदी चोरी
इस दौरान- एडवोकेट श्रीपाल मेघवाल, उम्मेद सिंह सोनिगरा,गंगाराम प्रजापत, मोहनलाल,कानाराम, पोखरराम,मदनलाल, नवीन चौधरी, गजाराम, गुलाब नाथ,बाबुलाल मीणा,श्रवण महाराज,कपूराराम मीणा आदि उपस्थित थे।