बजट में चमकी गोविंदगढ़ की किस्मत: 'गोविन्दगढ़-रामबास' के नाम से जानी जाएगी अब नगरपालिका,मिली पुलिस चौकी, सड़क और अस्पताल की बड़ी सौगात
गोविंदगढ़ (अलवर) अमित खेड़पती
विधायक सुखवंत सिंह की मेहनत लाई रंग: गोविंदगढ़ को मिली पुलिस चौकी, सड़क और अस्पताल की बड़ी सौगात
राजस्थान विधानसभा में बुधवार को पेश हुए बजट में डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दीया कुमारी ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गोविंदगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुँचाने वाली कई घोषणाएं की हैं। क्षेत्रीय विधायक सुखवंत सिंह के विशेष प्रयासों और अनुशंसा के फलस्वरूप क्षेत्र को स्वास्थ्य, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुई हैं।
नगर पालिका के नाम में बदलाव, अब कहलाएगी 'गोविंदगढ़ रामबास'
स्थानीय जनभावनाओं और लंबे समय से चली आ रही मांग का सम्मान करते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने गोविंदगढ़ नगर पालिका का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा था। राज्य सरकार ने इस अनुशंसा को स्वीकार करते हुए अब नगर पालिका का नाम बदलकर 'गोविंदगढ़ रामबास नगर पालिका' करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
पशु चिकित्सा और सुरक्षा पर फोकस
पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मालपुर (गोविंदगढ़) के पशु चिकित्सा उप-केंद्र को अब पूर्ण पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत (Upgrade) किया गया है। इससे ग्रामीणों को अब अपने पशुओं के इलाज के लिए 20 किलोमीटर दूर भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मालपुर में नई पुलिस चौकी की स्थापना की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी।
सड़क और बिजली के लिए करोड़ों का बजट
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने नसवारी चौकी (SH-45) से नौगाँवा (NH-248) तक की 18.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 3 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त, नंगली मेघा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 33 KV GSS की सौगात दी गई है, जिससे किसानों और व्यापारियों को बिजली कटौती से राहत मिलेगी।
"इन घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। हमारा लक्ष्य आमजन को उनके घर के पास ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।" — सुखवंत सिंह, विधायक, रामगढ़