प्रथम उपराष्ट्रपति नेपाल के विशिष्ट सलाहकार कार्यालय में आशा डामोर को G-25 राष्ट्रों के लिए ‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ मनोनीत
दिल्ली (रामलाल यादव): भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा एवं पंचशील सिद्धांतों को वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संरक्षक, नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति माननीय न्यायमूर्ति श्री परमानन्द झा के विशिष्ट सलाहकार कार्यालय में आशा डामोर, अध्यक्ष, रायना विकास सेवा संस्थान डुॅगरपुर राज. को G-25 राष्ट्रों के लिए ‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ के रूप में मनोनीत किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा, एडवोकेट एंव विशिष्ठ सलाहकार महामहिम प्रथम उपराष्ट्रपति नेपाल ने बताया कि मंच द्वारा आशा डामोर की कार्ययोजना, सामाजिक योगदान तथा उनके द्वारा किए जा रहे सतत सेवा एवं विकासात्मक कार्यों का गहन अवलोकन किए जाने के उपरांत उन्हें ‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ के लिए चयनित किया गया है।
महामहिम द्वारा ‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ को यह दायित्व सौंपा गया है कि वे 25 राष्ट्रों: (भारत, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान, अल्जीरिया, अंगोला, ऑस्ट्रिया, क्रोएशिया, फिनलैंड, ट्यूनीशिया, जर्मनी, इराक, इज़राइल, मैसेडोनिया, मोरक्को, नीदरलैंड, नाइजीरिया, नॉर्वे, रोमानिया, डेनमार्क, श्रीलंका, मालदीव, किर्गिज़स्तान, फ़िलिस्तीन एवं फ़िजी) में भारत-नेपाल की वैदिक कालीन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करें तथा वसुधैव कुटुम्बकम्, ग्लोबल विलेज एवं सत्यम् शिवम् सुन्दरम् की अवधारणा को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएँ। साथ ही विभिन्न देशों की सरकारों एवं संस्थानों के साथ शिष्टाचार भेंट कर वैश्विक कार्य योजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
मनोनीत ‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ आशा डामोर ने अपने प्रथम अमृत संदेश में कहा कि भारत को विकासशील से विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में सम्मिलित कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के दौरान प्रवासी भारतीयों का सक्रिय सहयोग प्राप्त कर भारत की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करेंगे।
मनोनीयन पर महामहिम प्रथम उपराष्ट्रपति नेपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि:‘‘ग्लोबल एम्बेसेडर’’ श्रीमती आशा डामोर अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए भारत का गौरव बढ़ाएँगे और सृजनशील, समरस समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।