रायसिंहनगर में हरे पेड़ों की अवैध कटाई पर बवाल, उपमुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर/ संजय बिश्नोई) रायसिंहनगर पंचायत समिति क्षेत्र में सीआईडी कार्यालय निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में हरे-भरे वृक्षों की अवैध कटाई को लेकर बजरंग सेना सक्रिय हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर बजरंग सेना के प्रदेश महामंत्री संजय बिश्नोई, राष्ट्रीय महासचिव विजय शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता जयपुर में राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी से मिले और एक ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि रायसिंहनगर क्षेत्र में सीआईडी कार्यालय के निर्माण कार्य के लिए केवल 8 पेड़ों की कटाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन मौके पर अनेकों वर्षों पुराने हरे-भरे पेड़ काट दिए गए। इस गंभीर मामले में बजरंग सेना टीम ने तहसीलदार को पूर्व में ज्ञापन सौंपकर जानकारी मांगी थी, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद संगठन ने यह मामला सीधे सरकार के शीर्ष स्तर तक पहुंचाया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम पंचायत गंगूवाला की सरपंच द्वारा खुद की लेटरपैड पर पेड़ काटने की अनुमति जारी की गई, जो नियमों के विरुद्ध है और इसकी भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हरे पेड़ों की कटाई जैसे संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले को लेकर क्षेत्र में पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। बजरंग सेना ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।