बालोतरा जिले में सड़क हादसो के पिड़ितों की सुविधा के लिए ई-डीएआर (e-DAR) पोर्टल लांच
बालोतरा (बरकत खा)
जिला पुलिस अधीक्षक बालोतरा रमेश आईपीएस ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के मुआवजा दावों के निपटान को तीव्र और प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को ई-डीएआर पोर्टल का ऑनलाइन शुभारंभ किया। यह पोर्टल सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों को न्याय और मुआवजा समय पर पहुंचाना है।
ई-डीएआर पोर्टल, आई-आरएडी का उन्नत संस्करण है। इसमें सड़क दुर्घटनाओं के कारण, जांच, एफआईआर और दुर्घटना में शामिल वाहनों की जानकारी को एक स्थान पर संग्रहित किया जाता है। अनुसंधान अधिकारी दुर्घटना स्थल पर जाकर विस्तृत फोटो, वीडियो और अन्य संबंधित जानकारियां इस पोर्टल पर अपलोड करते हैं। इस डेटाबेस का उपयोग सड़क एजेंसी और परिवहन विभाग दुर्घटनाओं के कारणों की जांच और सड़क की सुरक्षा सुधार के लिए करते हैं। सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु आवश्यक सड़क सुधार के सुझाव दिए जाते हैं। भविष्य में इस पोर्टल को सीधे ई-कॉर्ट से जोड़ा जाएगा, जिससे मुआवजा दावों का निपटान और भी सरल और पारदर्शी हो सकेगा।
जिला रोल आउट मैनेजर जनकसिह के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में जिले में 900 से अधिक सड़क दुर्घटना मामले आई-रेड पोर्टल पर दर्ज किए जा चुके हैं, जिनका डेटा इस पोर्टल पर उपलब्ध है। इस पहल से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को न्याय और मुआवजा पहुंचाने में बड़ी सुविधा होगी और सड़क सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जाएगा।