गोविंदगढ़ में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्तः मुख्य बाजारों से हटाया गया अवैध कब्जा, सामान जब्त
गोविंदगढ़ कस्बे को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। उपखंड अधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति के निर्देश पर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अचानक हुई प्रभावी कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान समेटने लगे।
यह अभियान तहसीलदार बसंत कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान थानाधिकारी धर्म सिंह और नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता नवीन दुआ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। टीम ने बस स्टैंड से अभियान शुरू किया और एसबीआई बैंक रोड, हॉस्पिटल मार्ग, मुख्य बाजार तथा चौपड़ बाजार में सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों ने सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए साइन बोर्ड, टिन-शेड और बाहर रखे अन्य सामानों को जब्त कर लिया।
- जाम की स्थिति बन रही थी
अधिशाषी अधिकारी जगदीश खीचड़ ने बताया कि लंबे समय से इन व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा, "उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आज यह कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए सामान को नगर पालिका ले जाया गया है।"
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन के लिए नहीं है। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि यदि दोबारा सड़कों पर सामान पाया गया, तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद कस्बे की सड़कें काफी समय बाद खुली और व्यवस्थित दिखाई दीं।