अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में रंजीत मीना करेंगे धौलपुर जिले का बाड़मेर में प्रतिनिधित्व
धौलपुर (नाहरसिंह मीना) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत विभाग, अलवर के तत्वावधान में अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 16 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2026 तक होटल इंद्रप्रस्थ रिजॉर्ट, बाड़मेर में आयोजित होगा।
जिला युवा अधिकारी पंकज यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 37 युवा-युवतियों का दल भाग लेगा। कार्यक्रम में धौलपुर जिले की बाड़ी तहसील से रंजीत मीना जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के तहत राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवा संवाद, पंचप्रण एवं विकसित भारत 2047, नशा मुक्ति अभियान, साइबर सिक्योरिटी जागरूकता, वित्तीय प्रबंधन पर व्याख्यान तथा खेलकूद जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इंटर यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के माध्यम से अलवर जिले के युवा बाड़मेर जिले की ऐतिहासिक विरासत, कला, संस्कृति, जीवनशैली, वेशभूषा, रहन-सहन और खान-पान को नजदीक से जानने और समझने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह कार्यक्रम युवाओं के बीच आपसी समझ, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


