हर घर शिक्षा संस्थान द्वारा जिला स्तरीय वार्षिक कौशल बाल प्रतियोगिता परीक्षा का सफल आयोजन, बच्चों में दिखा जबरदस्त उत्साह
सरमथुरा/बाड़ी (नाहरसिंह मीणा)
शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और गुणवत्ता को बढ़ावा देने वाले हर घर शिक्षा संस्थान द्वारा कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूली छात्र–छात्राओं के लिए जिला स्तरीय वार्षिक कौशल बाल प्रतियोगिता परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह और अभिभावकों में सकारात्मक उत्सुकता देखने को मिली।
संस्थान के तत्वावधान में सरमथुरा स्थित एसआरके कॉन्वेंट स्कूल एवं बाड़ी स्थित तालाबशाही में परीक्षा केंद्र बनाए गए। सरमथुरा केंद्र पर लगभग 900 छात्र–छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि बाड़ी के तालाबशाही केंद्र पर हजारों विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बना दिया। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है हर घर शिक्षा संस्थान
हर घर शिक्षा संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना, उनकी बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच, सामान्य ज्ञान एवं कौशल विकास को मजबूत करना है। संस्थान द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाएं बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को सशक्त बनाती हैं।
संस्थान का मानना है कि प्रतिभा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होती, बल्कि सही मंच मिलने पर हर बच्चा अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकता है। इसी सोच के साथ हर घर शिक्षा संस्थान निरंतर शैक्षणिक नवाचार, प्रतिभा सम्मान और मार्गदर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कार्य कर रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई थी, वहीं शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं अभिभावकों का सहयोग भी सराहनीय रहा। आयोजकों ने जानकारी दी कि परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान रोहित मीना फाउंडर निर्देशक हर घर शिक्षा संस्था , हरिओम मीना, फूलसिंह, बच्चूसिंह पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, वन्दना शिवहरे समाजसेविका, नाहर सिंह पत्रकार, हल्का सिंह मीना सहित टीम हर घर शिक्षा संस्थान के सभी सदस्य उपस्थित रहे ।