नगर परिषद की पहलः नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पॉलिथिन मुक्त शहर का संदेश
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर को स्वच्छ और पॉलिथिन मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा बाजार क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने आकर्षक एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से नागरिकों को सिंगल यूज़ पॉलिथिन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि पॉलिथिन के उपयोग से पर्यावरण, पशु-पक्षियों और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। कलाकारों ने संदेश दिया कि कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग अपनाकर ही शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
नगर परिषद के अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे पॉलिथिन का प्रयोग पूरी तरह बंद करें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें। कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
बाजार में मौजूद नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में शहर के अन्य प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन से बाजार क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।