भरभराकर गिरी सरकारी स्कूल की जर्जर छत स्कूल खुलने से पहले हुआ हादसा : शिक्षा विभाग अनदेखी के कारण हुआ हादसा, सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी
करौली (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) करोली के सपोटरा में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल इनायती की जर्जर छत शनिवार को भरभराकर गिर गई। गनीमत रही की हादसा स्कूल खुलने से पहले हुआ, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
छत गिरने की आवाज से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। स्कूल के प्रिंसिपल संतराम मीणा ने हादसे की जानकारी तुरंत शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। हैरानी की बात यह रही कि सूचना के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्कूल भवन की खराब हालत को लेकर पहले भी कई बार विभाग को अवगत कराया जा चुका था, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) इंद्रेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एसीबीईओ को मौके पर भेजा गया है। पीओ से फोन पर बातचीत कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई है। सभी स्कूलों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरा हुआ कमरा क्षतिग्रस्त था, इसलिए उसमें छात्रों को नहीं बैठाया जा रहा था। एक दिन पहले ही झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में स्कूल की छत गिरने से सात बच्चों की मौत हो चुकी है। इससे यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल भवन की तुरंत मरम्मत कराई जाए। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।