पैसों के विवाद में अपनी ही मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर हुआ फरार: कलयुगी बेटा गिरफ्तार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) शहर की मथुरागेट थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम को एक ऐसे कलयुगी बेटे को गिरफ्तार किया, जिसने पैसों के विवाद में अपनी ही मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। घटना शहर के ठाकुर पायसा मोहल्ले की है, जहां 24 वर्षीय नवनीत उर्फ सन्नी ने अपनी 40 वर्षीय मां रूपकंवर पर उस समय जानलेवा वार किया, जब वह रसोई में खाना बना रही थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नवनीत को उसके निवास स्थान पुराना बिजलीघर, ठाकुर पायसा मोहल्ला से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक हरगोपाल के नेतृत्व में कांस्टेबल सुरेश (2362) और संतोष (2378) द्वारा की गई।
घटना 14 अप्रैल 2025 की है। उस दिन नवनीत ने पहले बाजार से कुल्हाड़ी खरीदी और घर आकर अपनी मां पर अचानक हमला कर दिया। उसने हाथ-पैरों पर कई वार किए जिससे रूपकंवर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद नवनीत मौके से फरार हो गया। वहीं घायल मां को उनका 15 वर्षीय छोटा बेटा टिम्मू निजी अस्पताल लेकर गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया। घटना के करीब दो हफ्ते बाद, 29 अप्रैल को होश में आने के बाद रूपकंवर ने थाने में बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया। यह हमला पैसों के लेनदेन को लेकर आपसी कहासुनी के बाद किया गया था। हमले के दिन मौके पर मौजूद पड़ोसियों ने बताया था कि पीड़िता के पति की मृत्यु लगभग 10 वर्ष पूर्व हो चुकी है। पीड़ित मां हर महीने अपने दोनों बेटों को खर्च के लिए हर महीने 10 हजार रुपए देती थी, लेकिन बड़ा बेटा ज्यादा पैसे मांगता था, इसी बात को लेकर मां-बेटे में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

