सड़क हादसे में ट्रक और टैंकर के बीच बुरी तरह फंसी कार: डेढ़ घंटे तक कार में फंसे रहे कार सवार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सेवर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में ट्रक और टैंकर के बीच एक कार बुरी तरह फंस गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों में से ड्राइवर तुरंत बाहर निकल आया, जबकि एक बुजुर्ग महिला और एक युवक करीब डेढ़ घंटे तक कार में फंसे रहे। पुलिस को कटर उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण राहत कार्य में देरी हुई। बाद में क्रेन और रस्सी की मदद से कार को खींचकर दोनों फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सेवर थाना पुलिस के अनुसार, स्विफ्ट कार भरतपुर की तरफ जा रही थी। कार के आगे ट्रक और पीछे टैंकर था। अचानक ट्रक के ब्रेक लगाने पर कार ने भी ब्रेक लगाए, लेकिन पीछे से आ रहे टैंकर के ब्रेक समय पर नहीं लग सके। इससे टैंकर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार ट्रक और टैंकर के बीच बुरी तरह फंस गई और क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को हटाया गया। इस दौरान आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना में लापरवाही किस पक्ष से हुई।

