बयाना को नई सौगात, नगर पालिका का आधुनिक भवन जनता को समर्पित ,शहरवासियों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सेवाएं - राज्यमंत्री
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 11 अगस्त। नगरीय विकास आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बयाना शहर के निवासियों का वर्षों पुराना सपना सोमवार को साकार किया। दमदमा रोड पर करीब 3 करोड़ की लागत से बने नए और अत्याधुनिक नगर पालिका भवन का लोकार्पण स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के कर कमलों से हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत और पूर्व सांसद श्रीमती रंजीता कोली भी मौजूद रहीं।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यह भवन न केवल कामकाज को गति देगा, बल्कि शहरवासियों को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने भजनलाल सरकार द्वारा सकारात्मक सोच रखते हुए जनकल्याण योजनाओं को जमीनी स्तर पर पात्रजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनहितैषी सोच और विकासशील नेतृत्व से बयाना लगातार तरक्की की राह पर अग्रसर है। नया नगरपालिका भवन इसका जीवंत प्रमाण है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की यह एक और कड़ी है।
विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचे, और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में जल्द ही एक सुंदर पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिसकी जगह तय की जा चुकी है।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल बट्टा ने जानकारी दी कि भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे सीसीटीवी सुरक्षा, वातानुकूलित मीटिंग हॉल, प्रतीक्षालय, ग्रीन गार्डन और भव्य चित्रकारी से सुसज्जित दीवारें इसे एक अलग पहचान देती हैं। जिलाध्याक्ष शिवानी दायमा, ईओ अंकुर जैन, उपपुलिस अधीक्षक हरीराम कुमावत, बयाना सीओ कृष्णराज जांगिड, पूर्व विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण मौजूद रहे।