भीड़ ने किया पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ा; पुलिसकर्मी घायल
गाड़ियों के शीशे टूटे; जमीन विवाद को लेकर हाईवे पर बैठे थे ग्रामीण
भरतपुर (शशिकांत शर्मा) जिले के बयाना कस्बा क्षेत्र में उस समय दिवाली की खुशियों पर विराम लग गया, जब सोमवार को सरकारी जमीन को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां एक ओर लोग रौशनी के पर्व को मनाने की तैयारियों में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर गुर्धा डांग गांव में जमीन के कब्जे को लेकर उपजे विवाद के बाद जाटव समाज के लोगों ने बयाना-भरतपुर मार्ग पर भीमनगर तिराहे को जाम कर दिया और जब पुलिस ने समझाइश की तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसा में तब्दील हो गया। एएसपी हरिराम कुमावत ने बताया कि शनिवार को भी गुर्धा डांग गांव में सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिश को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कर दिया था। लेकिन रविवार रात से एक बार फिर स्थिति बिगड़ गई।
सोमवार सुबह जाटव समाज के लोग प्रशासन की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर एएसपी हरिराम कुमावत और सीओ कृष्णराज को ज्ञापन देने पहुंचे। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारियों ने भीमनगर तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। लेकिन अचानक भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों व सरकारी वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया गया। इस हमले में सीओ की गाड़ी समेत सदर थाना पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। कई पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल पुलिस द्वारा समझाइश कर मामला शांत कर दिया गया है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।