रास्ते के विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष,पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना ने SMS में इलाज के दौरान तोड़ा दम,आईजी-एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
वैर,भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)
भरतपुर जिले के वैर थाना इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बयाना के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की क्रेशर प्लांट पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, वैर थाना क्षेत्र के गांव रायपुर के पहाड़ी इलाके में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना के नाम से क्रेशर प्लांट संचालित है। प्लांट के रास्ते को लेकर पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। रविवार की देर शाम वैर थाने के भौंडा गांव के 60 से 70 लोग एकराय होकर क्रेशर प्लांट पर जा पहुंचे।
आरोप है कि भीड़ ने प्लांट पर जमकर तांडव मचाया, वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए और रहवास क्षेत्र में भी भारी तोड़फोड़ की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना और उनके सुरक्षा गार्ड (बॉडीगार्ड) को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान पूर्व विधायक की मृत्यु हो गई।
रेंज आईजी और एसपी ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह भरतपुर पुलिस रेंज की आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश मीणा भारी पुलिस बल के साथ रायपुर स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल (FSL) टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
इस दौरान आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने वैर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) प्रेरणा शेखावत और थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह को मामले की त्वरित जांच और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कड़े निर्देश दिए। आईजी ने मीडिया को बताया कि पूर्व विधायक की हत्या में शामिल उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए कई अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस इस मामले की हर पहलू से सूक्ष्मता से जांच कर रही है और इसकी रिपोर्ट डीजीपी मुख्यालय को भेजी जा रही है।
गांव में पसरा सन्नाटा, घरों से पुरुष फरार
घटना के बाद से भौंडा गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस की दबिश के डर से अधिकांश पुरुष व हमलावर गांव छोड़कर फरार हो चुके हैं। फिलहाल गांव में सिर्फ महिलाएं और छोटे बच्चे ही नजर आ रहे हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए क्रेशर प्लांट और आसपास के इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है।

