झूठे मुकदमों से परेशान ग्रामीण,
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) वैर उपखंड में भौंडा गांव के ग्रामीणों और पशुपालकों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी गंगाधर मीणा को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन और झूठे मुकदमों से निजात दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि लीज संख्या 03/93 के तहत खनन कार्य चारागाह भूमि से अवैध रास्ते से संचालित किया जा रहा है। पहले इस रास्ते को सरकार ने अवैध घोषित कर बंद कर दिया था, फिर भी खनन माफिया लगातार 20 से अधिक फर्जी मुकदमों के माध्यम से उन्हें परेशान कर रहे हैं। ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से कहा कि बिना साक्ष्य दर्ज की जाने वाली एफआईआर पर रोक लगाई जाए और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मुकेश फौजी, राजू रायपुर, भगीरथ, सोनसिंह सुनेल, सुरेंद्र, श्यामलाल, हरीश, शिवसिंह, रमेश और रमजान शामिल थे।