सोच बदलो – गांव बदलो” टीम द्वारा शिक्षा पाओ, ज्ञान बढ़ाओ प्रतियोगिता का सफल आयोजन
सरमथुरा (धौलपुर /नाहर सिंह मीना) “सोच बदलो – गांव बदलो” टीम की पहल पर आज शिक्षा पाओ, ज्ञान बढ़ाओ प्रतियोगिता का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन धौलपुर के साथ–साथ अलवर और करौली जिलों में भी सफलतापूर्वक किया गया। कुल 30 सर्किल स्तर पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।
आयोजन को सफल बनाने में 100 से अधिक एरिया कोऑर्डिनेटर्स, सर्किल कोऑर्डिनेटर्स, तथा वीक्षकगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही । टीम के सभी सदस्यों ने परीक्षा को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में ज्ञान, आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण की प्रेरणा को सुदृढ़ किया गया। टीम का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण परिवेश के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना है।
इस वर्ष की प्रतियोगिता में चार हजार से अधिक छात्र–छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।
“सोच बदलो – गांव बदलो” संस्था के संस्थापक डॉ. सत्यपाल सिंह मीना ने भी कई परीक्षा केन्द्रो के निरिक्षण किया और बताया कि हमारे ग्रामीण बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें प्रोत्साहित करने, मार्गदर्शन देने और गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को हर सम्भव सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और मनोबल बढ़ाने हेतु यह परीक्षा विभिन्न सर्किलों में टीम कोऑर्डिनेटर्स के माध्यम से एक साथ आयोजित की जाती है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न स्तरों पर इनाम व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। साथ ही, उनका सतत मार्गदर्शन किया जाता है तथा माता–पिता को भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु टीम द्वारा काउंसलिंग प्रदान की जाती है।
इस प्रतियोगिता में सम्मानित विद्यार्थी आज सोच बदलो – गांव बदलो टीम के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं और अन्य बच्चों को प्रेरित कर रहे हैं। सोच बदलो गांव बदलो समाज मे एक ही सदेश देती है " जैसा हम सोचेंगे, जैसा हम देखेंगे, जैसा हम सुनेगे, हम वैसे ही बन जाते है! प्रतियोगिता को सफल बनाने बिभिन्न विद्यालयों के प्रमुखो और अध्यापको और ग्रामीण का विशेष सहयोग रहा!

