बाईक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर अरावली विहार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंटाराना की ओर से आ रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से जा टकराई, जिससे युवक पुल से नीचे गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान भगवान सहाय सैनी के रूप में हुई है, जो जुबली बास क्षेत्र के निवासी था और भरतपुर की एक कंपनी में मैनेजर पद पर कार्य करता था।
लोगों ने बताया कि युवक तेज गति से बाइक चलाते हुए पुल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पुल पर चढ़ा, मोड़ पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित हुई बाइक तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक नीचे की ओर जा गिरा, जबकि बाइक घिसटते हुए पुल की दूसरी ओर पहुंच गई। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
नीचे से गुजर रही थार गाड़ी के चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।