गोविन्दगढ़ कॉलेज के NSS शिविर में 'पर्यावरण सुरक्षा' थीमः तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने सीखा संरक्षण का महत्व
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविन्दगढ़ के राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत 'पर्यावरण सुरक्षा' थीम के साथ हुई।
इस दिन की शुरुआत प्रथम इकाई के प्रभारी असिस्टेंट प्रोफेसर खियाराम और दूसरी इकाई के प्रभारी असिस्टेंट प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार ने सरस्वती वंदना और लक्ष्य गीत से करवाई। बौद्धिक सत्र में असिस्टेंट प्रोफेसर रामनारायण गुर्जर ने पर्यावरण संरक्षण पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पेड़ लगाने, प्रदूषण कम करने, पानी बचाने, पॉलिथीन के उपयोग को रोकने, ऊर्जा की बचत और प्रकृति का सम्मान करने के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद, दोनों प्रभारियों के नेतृत्व में विद्यार्थियों को योगाभ्यास करवाया गया और टीम भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान कर सामूहिक टीम भावना का परिचय दिया।
अन्नू ग्रुप के सदस्यों ने नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की। दिन के दौरान खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। शिविर के तीसरे दिन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। इस दौरान संकाय सदस्य असिस्टेंट प्रोफेसर विजेंद्र कुमार शेलेंद्र कुमार व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।