भरतपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक संपन्न
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) लघु उद्योग भारती की मासिक कार्यकारिणी बैठक का आयोजन कार्यकारिणी सदस्य अमित रमूका की फैक्ट्री बाबा उद्योग, रीको औद्योगिक क्षेत्र, भरतपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रेम सिंह कुंतल द्वारा की गई। अध्यक्ष द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया गया।
बैठक में सचिव राहुल बंसल द्वारा पिछली बैठक की गतिविधियों एवं लिए गए निर्णयों की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
संस्था के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम गोयल ने भरतपुर जिले की औद्योगिक इकाइयों को व्हाइट एवं ग्रीन कैटेगरी में टीटीजेड एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय से राहत दिलाने हेतु प्रयास करने तथा इस विषय को संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाने का सुझाव दिया।
पूर्व अध्यक्ष बृजेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि शीघ्र ही एनसीआर क्षेत्र को चार श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा तथा उन्हीं श्रेणियों के अनुसार कानूनों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे राजघाट से दूर स्थित एनसीआर क्षेत्रों को लाभ मिल सकेगा।
पूर्व अध्यक्ष सुनील प्रधान ने एनसीआर क्षेत्र में लागू ग्रैप (GRAP) गाइडलाइंस, रोक अथवा अन्य कारणों से प्रभावित उद्योगों को राहत देने हेतु प्रभावित अवधि के लिए बैंक ब्याज, विद्युत के फिक्स चार्ज, जीएसटी सहित अन्य सरकारी शुल्कों में छूट का प्रावधान किए जाने का सुझाव दिया।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य दीनदयाल सिंघल ने एनसीआर एवं टीटीजेड के कारण भरतपुर की औद्योगिक इकाइयों को हो रहे नुकसान को देखते हुए भरतपुर को स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन में शामिल किए जाने की मांग रखी, जिससे औद्योगिक नुकसान की भरपाई हो सके तथा नए उद्योगों के आगमन का मार्ग प्रशस्त हो।
सीए संकल्प पितलिया ने जीएसटी व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी सरकारी प्रक्रियाएं पूर्ण करने, करों का नियमित भुगतान एवं बैंकिंग माध्यम से लेन-देन के बावजूद किसी अन्य व्यापारी की गलती की जिम्मेदारी ईमानदार व्यापारी पर डालना अनुचित है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार कर सही व्यापारियों को राहत देने की मांग रखी।
बैठक में लीप पोर्टल (LEAP Portal) एवं उत्पाद अपडेट के विषय पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में भरतपुर औद्योगिक इकाइयों की ओर से समन्वय हेतु दो कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने पर सहमति बनी। इस दायित्व के लिए श्री मनु गोयल एवं श्री विभोर बंसल ने अपनी सहमति प्रदान की, जिसका उपस्थित सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया।
अमित रमूका द्वारा जोधपुर में आयोजित होने वाले “पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव” के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस मेले की नोडल एजेंसी लघु उद्योग भारती है तथा यह उत्सव 25 दिसंबर से 4 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने भरतपुर की औद्योगिक इकाइयों से भी इस मेले में स्टॉल लगाने एवं सक्रिय सहभागिता करने का अनुरोध किया।
मनोज अग्रवाल ने रीको औद्योगिक क्षेत्र की सभी सड़कों को दुरुस्त करने एवं सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।
संस्था के आगामी अभ्यास वर्ग की जानकारी सत्यभान सिंह द्वारा दी गई। वहीं विभोर बंसल ने नए रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण को टीटीजेड क्षेत्र से बाहर रखने का प्रस्ताव रखा।
बैठक के अंत में संस्था के सदस्य उदयभान सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में अध्यक्ष डॉ. प्रेम सिंह कुंतल, राधेश्याम गोयल, बृजेश अग्रवाल, सुनील प्रधान, सचिव राहुल बंसल, मनोज अग्रवाल, अमित रमूका, संकल्प पितलिया, सत्यभान सिंह, विभोर बंसल, मनु गोयल, दीनदयाल सिंघल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन सचिव राहुल बंसल द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए किया गया।