रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सामान लेकर घर लौट रहे किसान की मौत
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक सड़क हादसे में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चिमरावली सिख गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने हुई।
मृतक के परिजन चैतन ने बताया कि निरंजन लाल, निवासी चिमरावली सिख, मौजपुर से जरूरी सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिमरावली सिख के पास पेट्रोल पंप के सामने एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निरंजन लाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल निरंजन लाल को अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर फरार बाइक सवार की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।


