अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर छात्राओं ने दिया शिक्षा और सशक्तीकरण का संदेश
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कामेश जैन) अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शिव शिक्षा समिति की कवच परियोजना, अलवर के तत्वावधान में तहसील क्षेत्र के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, मौजपुर,में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बालिका शिक्षा, सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, समान अवसर, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के जरिए समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, बालिकाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया गया। साथ ही छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार के साथ शिक्षक एवं मीना मंच से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। मीना मंच प्रभारी
प्रियंका सैनी, पायल शर्मा, रजनी बाई बैरवा, धर्मवीर चौधरी, विनोद कुमार चौधरी एवं विश्राम कुमावत शामिल रहे।
वहीं शिव शिक्षा समिति की कवच परियोजना अधिकारी प्रियंका सिंह, ब्लॉक समन्वयक देवेंद्र कुमार मेहरा एवं सीताराम बैरवा के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराकर ही सशक्त एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।

