जहाजपुर अपर सेशन न्यायालय के प्रथम न्यायाधीश महावीर महावर ने संभाला पदभार
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए नवसृजित अपर सेशन न्यायालय, जहाजपुर में प्रथम अपर सेशन न्यायाधीश महावीर महावर ने पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को न्यायिक मामलों के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट 2026 में जहाजपुर में स्थायी अपर सेशन न्यायालय की घोषणा की थी। इससे पूर्व यह न्यायालय पिछले लगभग नौ वर्षों से अस्थायी रूप से संचालित हो रहा था। न्यायालय के स्थायीकरण को लेकर बार एसोसिएशन द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी और विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक चौहान के मुताबिक स्थानीय विधायक गोपीचंद मीणा के अथक प्रयासों एवं पैरवी के परिणामस्वरूप राज्य सरकार ने बजट में न्यायालय के स्थायी गठन की घोषणा की। इसके बाद न्यायिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
नवसृजित अपर सेशन न्यायालय में प्रथम न्यायाधीश के रूप में महावीर महावर के पदभार ग्रहण करने पर अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों का मानना है कि न्यायालय के स्थायी संचालन से क्षेत्र में न्यायिक सेवाएं अधिक सुलभ होंगी तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण में भी सहायता मिलेगी।
क्षेत्र के नागरिकों ने राज्य सरकार, विधायक गोपीचंद मीणा एवं न्याय विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इसे जहाजपुर के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


