दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, धमाके की आवाज के साथ दोनों गाड़ियों में आग लगी
नागौर सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड पर बासनी पुलिया के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार पति-पत्नी और बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई इस आमने-सामने की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग जोधपुर के निवासी थे और बीकानेर से जोधपुर की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान जय सिंह (43 वर्ष), उनकी पत्नी सुमन कंवर (40 वर्ष), पुत्र इंद्रवर्धन सिंह (10 वर्ष) और जय सिंह की मौसेरी सास लक्ष्मी कंवर (पत्नी विजय सिंह) के रूप में हुई है।
- धमाके के साथ लगी आग, स्थानीय लोगों ने की मदद
शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे हुई इस टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धमाका सुनाई दिया। भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई। घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले आग पर काबू पाया और कार में बुरी तरह फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य घायलों की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
- तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
सदर थाना अधिकारी (SHO) सुरेश कंस्वा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जो अचानक सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हालांकि ट्रक चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन दुर्घटना को टाला नहीं जा सका। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


