जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो की भिड़ंत मे एक की मौत, पांच घायल; पुलिस जांच में जुटी
दौसा जिला अंतर्गत सिकंदरा थाना क्षेत्र में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर रेटा गांव के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार के अनियंत्रित होकर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के निवासी एक स्कॉर्पियो वाहन से यात्रा कर रहे थे। रेटा गांव के पास अचानक सामने आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण कार सड़क पर कई पलटियां खा गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज में भी वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने और सवार लोगों के छिटककर दूर गिरने की पुष्टि हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। शेष घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवा दिया है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। सिकंदरा थाना पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


