108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ: उदयपुर बॉर्डर और शगुन होटल में कुमावत समाज ने किया भव्य अभिनंदन; प्रवासियों में यज्ञ को लेकर भारी उत्साह
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध झड़ाया बजरंग धाम आश्रम पर आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियों को लेकर गुजरात के दौरे पर गया उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज वापस झड़ाया बजरंग धाम आश्रम पहुंचेगा। गुजरात प्रवास के दौरान राजस्थानी प्रवासियों और मारवाड़ी समाज द्वारा प्रतिनिधिमंडल का जगह-जगह पर पलक-पावड़े बिछाकर अभूतपूर्व स्वागत व जोरदार अभिनंदन किया गया।
यज्ञ समिति से मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात के डभाण में नीमकाथाना के पास स्थित नापाहाली निवासी कैलाश जांगिड़, राजेंद्र जांगिड़, अशोक जांगिड़ एवं मनीष जांगिड़ (पुत्र स्वर्गीय गोवर्धन जांगिड़) ने प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान जांगिड़ परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए महायज्ञ में सपरिवार सम्मिलित होने का संकल्प दोहराया।
गुजरात बॉर्डर और शगुन होटल में उमड़ा कुमावत समाज:
गुजरात दौरे से वापसी के दौरान उदयपुर सिटी के पास गुजरात बॉर्डर पर स्थित शगुन होटल में कुमावत समाज के प्रबुद्ध जनों द्वारा प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक विशेष अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। झड़ाया बजरंग धाम आश्रम के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को कुमावत समाज के लोगों ने माला एवं दुपट्टा पहनाकर अगवानी की।
इस अवसर पर शगुन होटल में राकेश कुमावत, विनोद कुमावत, हीरालाल कुमावत, गजेंद्र कुमावत, नरेंद्र कुमावत एवं रमेश कुमावत सहित समाज के कई गणमान्य नागरिकों ने महाराज श्री का आशीर्वाद लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि महायज्ञ के पावन सेवा कार्यों में कुमावत समाज बढ़-चढ़कर अपना योगदान देगा। प्रवासियों के इस उत्साह से यह साफ है कि महायज्ञ में राजस्थानी प्रवासियों का बहुत बड़ा और सराहनीय सहयोग रहने वाला है।
पूरे देश में महायज्ञ को लेकर भारी उत्साह
यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने बताया कि 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ को लेकर न केवल गुजरात बल्कि पूरे हिंदुस्तान के सनातन धर्मप्रेमियों में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल दिखाई दे रहा है। प्रवासी राजस्थानी इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं।
गुजरात के इस अत्यंत सफल और व्यापक जनसंपर्क दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्वयं मंदिर के महंत व महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज (संयोजक, यज्ञ सेवा समिति) कर रहे थे। उनके साथ समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, महादेव जांगिड़ एवं गोविंद जांगिड़ सहित समिति के अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।


