जोधपुर: NH-62 पर बायो-डीजल के दो टैंकरों में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा; लगा लंबा जाम
बावड़ी (जोधपुर/, मिश्रीलाल लखारा) राष्ट्रीय राजमार्ग 62 (NH 62) पर नेतड़ा के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बायो-डीजल से भरे दो टैंकरों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार देखकर हाईवे पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
- दमकल विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की भयानकता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही करवड़ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने भारी जोखिम उठाते हुए काफी मशक्कत के बाद दोनों टैंकरों में धधक रही आग पर पूरी तरह काबू पाया।
- सुरक्षा के लिहाज से रोका यातायात, लगा लंबा जाम
राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, बायो-डीजल होने के कारण विस्फोट के खतरे को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन हाईवे पर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया। इसके चलते एनएच-62 पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
- यातायात बहाली और जांच के प्रयास जारी
समाचार लिखे जाने तक करवड़ थाना पुलिस मौके पर मुस्तैद है। क्षतिग्रस्त टैंकरों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, मामले की जांच की जा रही है।


