पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को देगा नई गति जवाहर सिंह बेढ़म
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से डीग सहित देश के 75 अमृत भारत स्टेशनों का किया लोकार्पण, समारोह में गृह राज्य मंत्री व विधायक लाइव जुड़े
डीग (नीरज जैन) अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें डीग रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा। स्थानीय समारोह में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने लाइव जुड़कर कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि देश के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने का व्यापक अभियान है।
उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अब स्टेशन पर ही आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ शैलेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले में 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य, सिंचाई, बिजली, स्वास्थ्य और सड़क नेटवर्क को मिल रही नई मजबूती
विधायक डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डीग जिले में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में लगभग 12 से 15 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नहरों का विस्तार किया जा रहा है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों और गुरुद्वारों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कुम्हेर में निर्माणाधीन 400 केवी ग्रिड सब-स्टेशन से पूर्वी राजस्थान की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही डीग जिला अस्पताल का निर्माण और सड़क विकास परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल डीग और भरतपुर जिले के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।


