सांड की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, अलवर ले जाते समय रास्ते में एंबुलेंस भी हुई पंक्चर
बड़ौदामेव (अलवर)। अलवर-भरतपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बाइक सवार युवक आवारा सांड से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को जिला अस्पताल ले जा रही आपातकालीन 108 एंबुलेंस भी रास्ते में पंक्चर हो गई, जिसके चलते घायल को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में परिजनों ने निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुँचाया।
अचानक सामने आया सांड, बाइक के उड़े परखच्चे - प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजीपुर निवासी करतार गुर्जर (40) शनिवार दोपहर बड़ौदामेव बाजार से घर का जरूरी सामान खरीदकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अलवर-भरतपुर रोड पर जगमोहन पेट्रोल पंप के पास अचानक एक आवारा सांड सड़क पर आ गया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण करतार का नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सीधे सांड से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि करतार हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने पहुँचाया अस्पताल, अलवर किया रेफर- हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बड़ौदामेव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल करतार को संभालते हुए बड़ौदामेव के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद भी युवक की हालत नाजुक बनी रही, जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल, अलवर रेफर कर दिया।
ऐन वक्त पर दगा दे गई 108 एंबुलेंस- हादसे के बाद सिस्टम की लापरवाही और बदहाली भी देखने को मिली। गंभीर रूप से घायल करतार को लेकर अलवर रवाना हुई 108 एंबुलेंस जुगरावर के समीप अचानक पंक्चर हो गई। तड़पते मरीज के बीच रास्ते में एंबुलेंस खराब होने से परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल: आपातकालीन स्थिति और समय की नजाकत को देखते हुए परिजनों ने एंबुलेंस के ठीक होने का इंतजार नहीं किया। उन्होंने तुरंत एक निजी गाड़ी की व्यवस्था की और करतार को अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार जारी है।


