प्रदेश कांग्रेस प्रकोष्ठ अध्यक्षों में सबसे सक्रिय नेतृत्व के रूप में अमीन पठान ने बनाई अलग पहचान : शाहिद इकबाल भाटी
बारा (राजस्थान) प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान के नियुक्ति के एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ बारां के जिलाध्यक्ष शाहिद इकबाल भाटी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बीते एक वर्ष में उन्होंने अपनी सक्रिय कार्यशैली, जनसंपर्क और संगठनात्मक क्षमता के बल पर प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ अध्यक्षों में एक अलग पहचान स्थापित की है।
भाटी ने कहा कि अमीन पठान के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान की। जयपुर में आयोजित भव्य प्रदेश स्तरीय सम्मेलन ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर संगठित करने का कार्य किया। वहीं जिला, संभाग और कस्बा स्तर तक लगातार कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाए रखा गया।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों से संवाद अभियान के तहत राजस्थान का पहला विशाल छात्र-छात्रा एजुकेशन संघर्ष कार्यक्रम कोटा में आयोजित किया गया, जिसने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए प्रदेशभर के युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही।
भाटी ने कहा कि अमीन पठान ने विभिन्न जनआंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और राजनीतिक अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभाई। बारां विधानसभा उपचुनाव सहित कई महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया। 17 फरवरी को खिलाड़ियों के हितों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और नशे के बढ़ते प्रचलन के विरोध में जयपुर में आयोजित विधानसभा घेराव आंदोलन उनके नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आंदोलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा एवं आमजन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन द्वारा वॉटर कैनन का प्रयोग किए जाने के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह और संघर्ष का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा।अमीन पठान ने स्वयं को केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनकर एक जननेता की पहचान भी स्थापित की है। कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद, युवाओं को संगठन से जोड़ने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की उनकी कार्यशैली ने उन्हें प्रदेशभर में लोकप्रिय बनाया है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जाकिर मंसूरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशरफ देशवाली तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व जिला अध्यक्ष शाहिद कुंडी ने भी अमीन पठान के एक वर्ष के सफल कार्यकाल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अमीन पठान के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ आने वाले समय में भी संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के साथ-साथ युवाओं और खिलाड़ियों की आवाज़ को मजबूती से उठाता रहेगा.


