गोविंदगढ़ का पहला नगर पालिका रण: सामान्य महिला अध्यक्ष पद से गरमाई राजनीति, 212 फॉर्म बिके, 3 वार्डों में सन्नाटा
गोविंदगढ़ (अलवर) अमित खेड़ापति
पहली बार नगर पालिका बनने के बाद गोविंदगढ़ के चुनावी दंगल में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। लॉटरी में अध्यक्ष पद 'सामान्य महिला' के लिए आरक्षित होने के बाद से ही क्षेत्र में महिला प्रत्याशियों की दावेदारी और राजनीतिक सक्रियता तेजी से बढ़ी है।
रविवार की छुट्टी के बावजूद उपखंड कार्यालय में दिनभर गहमागहमी बनी रही। चुनावी तैयारियों को देखते हुए विशेष रूप से दफ्तर खोला गया, जहां नियुक्त कर्मचारियों ने पार्षद पद के लिए आए फॉर्मों की जांच की। व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रत्येक वार्ड के अनुसार अलग-अलग टेबल लगाई गई थी। रविवार को 5 नए फॉर्म बिके, जिसके साथ ही अब तक कुल 212 फॉर्म खरीदे जा चुके हैं।
3 वार्डों में नहीं खुला खाता, 57 नामांकन दाखिल
25 वार्डों वाली इस नगर पालिका में अब तक 57 दावेदारों ने अपने नामांकन फॉर्म जमा किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि वार्ड संख्या 6 (OBC), 14 (OBC-F) और 23 (GEN-F) में अभी तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। दूसरी ओर, वार्ड 9 (SC) और वार्ड 11 (GEN-F) में सबसे ज्यादा 5-5 उम्मीदवारों ने ताल ठोकी है।
कांग्रेस-भाजपा में सिंबल को लेकर असमंजस
प्रमुख राजनीतिक दलों (भाजपा और कांग्रेस) से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दावेदारों के बीच भारी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दोनों ही दल अंतिम समय तक अपने पत्ते खोलने से बच रहे हैं। ऐसे में निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों की नजरें भी पार्टियों की सूची पर टिकी हुई हैं।
कल शाम 3 बजे तक ही जमा होंगे फॉर्म
सोमवार, 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। सभी प्रत्याशियों को दोपहर 3:00 बजे तक अपने फॉर्म और अधिकृत पार्टी सिंबल जमा कराने होंगे। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।

