नगर निकाय चुनाव 2026: मतदान दलों के पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित, स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के दिए निर्देश
भरतपुर | 01 सितंबर , कौशलेन्द्र दत्तात्रेय
आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बीडीए ऑडिटोरियम में पीठासीन अधिकारियों (PRO) एवं मतदान अधिकारियों (PO) का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्वों और मतदान दिवस पर बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निष्पक्ष चुनाव कराने में मतदान दलों की भूमिका महत्वपूर्ण
अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में मतदान दलों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर पूरी गंभीरता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर समय पूर्व पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा अनुशासन बनाए रखते हुए मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मतदान प्रक्रिया और दस्तावेजों का रखें विशेष ध्यान
प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षकों ने मतदान सामग्री प्राप्त करने से लेकर केंद्र की स्थापना, मतदाता पहचान, मतदान की गोपनीयता, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण और मतदान समाप्ति के बाद सामग्री जमा कराने तक की संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई। अधिकारियों को किसी भी शंका का मौके पर ही समाधान करने तथा टीम भावना के साथ काम करने की सलाह दी गई।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सुरेंद्र गोपालिया, स्वीप प्रभारी ओमप्रकाश खूंटेला सहित बड़ी संख्या में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी मौजूद रहे।

