भरतपुर जिला पुलिस की अनूठी पहल: 24 मई को आयोजित होगा 'संडे ऑन साइकिल' अभियान, योगा सेशन और साइकिल रैली का होगा आयोजन
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार भरतपुर जिला पुलिस द्वारा आगामी रविवार, 24 मई 2026 को 'संडे ऑन साइकिल' अभियान का आयोजन किया जा रहा है, जो प्रातः 5 बजे से पुलिस परेड ग्राउंड में शुरू होगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग-व्यायाम को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है, क्योंकि साइकिलिंग स्वास्थ्य के साथ-साथ प्रदूषण और यातायात का दबाव कम करने में भी मददगार है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 से 6 बजे तक पुलिस परेड ग्राउंड में योग सेशन से होगी, जिसके बाद प्रातः 6:15 बजे साइकिल रैली निकाली जाएगी जो पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर सर्किट हाउस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मल्टीपरपज चौराहा, मानसिंह सर्किल और बिजलीघर होते हुए यातायात सर्किल पर संपन्न होगी। इस अभियान में जिला पुलिस के अधिकारियों, शहर के समस्त थानाधिकारियों और पुलिस के जवानों के साथ-साथ सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र और स्कूली छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने समस्त जिलावासियों, सामाजिक संगठनों और साइकिल क्लबों से अपील की है कि वे रविवार सुबह अपनी साइकिल के साथ पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर इस योगा सेशन व साइकिलिंग का हिस्सा बनें और जिला पुलिस की इस अनूठी पहल को सफल बनाने में अपना योगदान दें।


