तखतगढ़ में आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट: सुरक्षा का जायजा लेने के लिए ग्रामीण इलाकों में निकाला फ्लैग मार्च
तखतगढ़ / बरकत खां
आगामी पंचायतीराज चुनावों को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से तखतगढ़ थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा जायजा लिया और आमजन को कानून व्यवस्था बनाए रखने का पुख्ता संदेश दिया।
थानाधिकारी शैतान सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस थाना जाप्ता और क्यूआरजी (QRG) टीम के साथ निकाले गए इस फ्लैग मार्च ने तखतगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। पुलिस का यह काफिला कोसेलाव मेन बाजार, पावा, बसंत, गोगरा, धना-चाणोद और बड़गांवड़ा सहित प्रमुख गांवों की गलियों से गुजरा। इस दौरान पुलिस की सक्रियता से ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ।
अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान थानाधिकारी शैतान सिंह चारण ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से आगामी त्योहारों और चुनावों को आपसी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने आमजन को हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें तथा कानून का पालन करने में पुलिस का पूरा सहयोग करें।
इस फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने में कोसेलाव चौकी प्रभारी गोपाल सिंह, चाणोद चौकी प्रभारी जसराज, हेड कांस्टेबल जगदीश विश्नोई, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस स्टाफ के अधिकारी और जवान मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।

